कार्तिक माह में किए गए दान तप स्नान से मनुष्य की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं : अंजलि




यूपी – गाजियाबाद संकल्प जन सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन सामाजिक एवं भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र कुमार ने अपने निवास स्थान अशोक नगर में परिवार जनों के साथ देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर भगवान विष्णु जी के द्वादश मंत्र का स्मरण करते हुए माता तुलसी की दीप जलाकर परिक्रमा के साथ पूजा की।
ट्रस्ट के चेयरमैन देवेंद्र कुमार ने इस अवसर पर बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रबोधिनी एकादशी को देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में चार माह की निंद्रा के बाद जागते हैं भगवान श्री हरि के जागने से हिंदू सनातन संस्कृति में रुके हुए सभी मांगलिक कार्य इसी देवउठनी एकादशी के दिन से प्रारंभ हो जाते हैं। सृष्टि में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि आज ही के दिन भगवान श्री हरि विष्णु जी का शालिग्राम रूप में माता वृंदा के तुलसी रूप से विवाह उत्सव मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देवउठनी एकादशी वर्ष भर की सभी एकादशी में श्रेष्ठ मानी जाती है जो वैष्णव भक्त एकादशी व्रत करना चाहते हैं उन्हें देवउठनी एकादशी से ही व्रत का प्रारंभ करना चाहिए।

ट्रस्ट की सचिव अंजली अग्रवाल ने बताया कि कार्तिक माह भगवान विष्णु जी का अति प्रिय माह है।कार्तिक माह में ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करने, भगवान विष्णु और तुलसी माता की दीप जलाकर पूजा करने, व्रत रखने का विशेष महत्व है। जो लोग पूरे माह स्नान व्रत आदि नहीं कर पाते हैं वह भक्तजन देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर और व्रत रखकर तुलसी माता और भगवान श्री विष्णु जी की दीपदान कर पूजा अर्चना करने से पुण्य अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्तिक माह में किए गए दान तप स्नान आदि से मनुष्य की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर उषा गुप्ता, विजया गर्ग, नितिन गोयल, समर्थ गर्ग ने भी भक्ति भाव से माता तुलसी जी की पूजा अर्चना की।