
यूपी – गाजियाबाद। यशोदा मेडिसिटी की ओर से आयोजित होने वाली यशोदा हाफ मैराथन 4.0 से पहले गुरुवार को आधिकारिक टी-शर्ट और फिनिशर मेडल का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर, ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त रिजु और रेडिसन ब्लू कौशांबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत जैन मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पीएन अरोड़ा के साथ टी-शर्ट और मेडल का अनावरण किया।

यह मैराथन 22 नवंबर 2026 को सुबह 5:30 बजे गाजियाबाद की एलिवेटेड रोड पर आयोजित होगी। इसमें 4 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर योर हार्ट’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
मैराथन में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की चार श्रेणियां रखी गई हैं। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। हाफ मैराथन के विजेता को 11 हजार, 10 किलोमीटर के विजेता को 7,100 और 5 किलोमीटर के विजेता को 5,100 रुपये मिलेंगे।
मंत्री सुनील कुमार शर्मा और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर ने इस आयोजन को स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सराहनीय पहल बताया। डॉ. पीएन अरोड़ा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लोगों को उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

