
यूपी – गाजियाबाद। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कोयल एनक्लेव योजना में लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से चार छठ घाटों का निर्माण एवं विकास कराया है। प्राधिकरण की इस पहल से पूर्वांचल और बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आकर गाजियाबाद में रहने वाले परिवारों को छठ पूजा और सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
शासन से प्राप्त निर्देशों के तहत जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर कराए गए इन कार्यों में घाटों के तालाब और आसपास के क्षेत्र का पत्थरों से सौंदर्यीकरण किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक रोशनी का प्रबंध किया गया है।
महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कपड़े बदलने के कक्ष तथा अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा अन्य आवश्यक जनसुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
जीडीए की इस पहल से कोयल एनक्लेव के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। छठ महापर्व सूर्योपासना, स्वच्छता, अनुशासन और लोक आस्था का प्रतीक है। प्राधिकरण का उद्देश्य शहरवासियों को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

