अखिलेश यादव के रामलला दर्शन पर भाजपा की बयानबाजी जातिगत भेदभाव दर्शाती है : सिकंदर यादव

राम मंदिर किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, सभी को दर्शन करने का अधिकार : सपा नेता ने भाजपा पर साधा निशाना

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और भगवान रामलला के दर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सपा नेता सिकंदर यादव ने भाजपा नेताओं के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे जातिगत भेदभाव और पिछड़े, दलित समाज के प्रति संकीर्ण मानसिकता का उदाहरण बताया।

सिकंदर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने की बात पर भाजपा के कुछ नेता गंगाजल से शुद्धिकरण और गोमूत्र से स्नान जैसी बातें कर रहे हैं। ऐसे बयान समाज में भेदभाव की मानसिकता को उजागर करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास और मंदिर के कथित शुद्धिकरण के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं पिछड़े और दलित समाज का अपमान हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण का मामला भी इसी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने संवैधानिक दायित्वों का पालन करते हुए प्रदेश को धार्मिक विवादों से बचाने का प्रयास किया था। मुलायम सिंह यादव हनुमान जी के बड़े भक्त थे और अटल बिहारी वाजपेयी तथा कल्याण सिंह जैसे नेताओं से उनके अच्छे संबंध रहे थे।

सिकंदर यादव ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद हुआ है और इस पर किसी एक राजनीतिक दल का अधिकार नहीं है। मंदिर में दर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

उन्होंने संगीत रागी और धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इनसे यादव समाज और भगवान कृष्ण को मानने वाले करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के बड़े नेता इन बयानों पर चुप क्यों हैं। सिकंदर यादव ने कहा कि पिछड़ा, दलित और आदिवासी समाज सब देख रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका राजनीतिक असर दिखाई देगा।