निधि आईटीआई में इलेक्ट्रिक वाहन तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

ग्रामीण युवाओं को इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत और रखरखाव का मिलेगा प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध

यूपी – गाजियाबाद। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद स्थित निधि आईटीआई में इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (आईएसीई) की ओर से दोपहिया एवं तिपहिया इलेक्ट्रिक वाहन सेवा तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग एवं वित्तीय सहायता से संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक अलका उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में ग्रामीण युवाओं को इस तकनीक का प्रशिक्षण देना रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल है।

आईएसीई गाजियाबाद के केंद्र प्रमुख आशीष जेटली ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण देना है। इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षक अली ने बताया कि युवाओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों की सर्विसिंग, मरम्मत, बैटरी प्रणाली और विद्युत उपकरणों की तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि आईएसीई गुजरात सरकार और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का संयुक्त उपक्रम है। इस पहल से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।