
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से 12 नवंबर 2026 को आयोजित संपत्तियों की नीलामी में बड़ी सफलता मिली है। नीलामी में कुल 19 संपत्तियों के लिए सफल बोलियां प्राप्त हुईं, जिनसे प्राधिकरण को लगभग 485 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। यह उपलब्धि गाजियाबाद में निवेशकों के बढ़ते विश्वास और आवासीय, व्यावसायिक एवं संस्थागत संपत्तियों की बढ़ती मांग को दर्शाती है।
नीलामी में इंदिरापुरम योजना के चार आवासीय और एक व्यावसायिक भूखंड शामिल रहे। कोयल एन्क्लेव में प्राथमिक विद्यालय का एक भूखंड तथा यूपी बॉर्डर (चिकंबरपुर) योजना में एक दुकान का भूखंड नीलाम हुआ। वहीं, मधुबन-बापूधाम योजना में दो होटल भूखंड, एक मिश्रित भू-उपयोग भूखंड, एक सुविधा भूखंड और आठ समूह आवासीय भूखंडों के लिए सफल बोलियां प्राप्त हुईं।
प्राधिकरण ने नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से संपन्न कराया। इससे संपत्तियों का बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ।
नीलामी से मिलने वाले 485 करोड़ रुपये से शहर में सड़क, आधारभूत ढांचे, नागरिक सुविधाओं, आवासीय योजनाओं और अन्य विकास परियोजनाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस सफलता से गाजियाबाद की निवेश अनुकूल शहर के रूप में पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

