सिख व अन्य धर्मों के पिछड़े वर्गों को जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग, मंत्री सुरेश खन्ना से मिले सरदार एसपी सिंह

यूपी – गाजियाबाद। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात कर सिख एवं अन्य धर्मों के पात्र पिछड़े वर्ग के लोगों को पिछड़ी जाति के प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को संबंधित शासनादेश की प्रति सौंपते हुए समस्या के समाधान का अनुरोध किया।

सरदार एसपी सिंह ने बताया कि दिसंबर 2001 में अल्पसंख्यक आयोग के प्रयासों से शासनादेश संख्या 1884/64-1-01-48/2000 जारी किया गया था। इसके माध्यम से सिख एवं मुस्लिम जाटों को भी कार्मिक विभाग के पूर्व शासनादेश संख्या 22/16/92-का-2-टीसी थर्ड/1997, दिनांक 23 जून 1997 के प्रावधानों के अनुसार लाभ देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई जिलों में पात्र लोगों को पिछड़ी जाति के प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। इस कारण वे आरक्षण के लाभ से वंचित हैं।

उन्होंने सुरेश खन्ना से आग्रह किया कि इस समस्या पर गंभीरता से विचार कराकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इस पर सुरेश खन्ना ने आश्वासन दिया कि शासन और पिछड़ा वर्ग आयोग के स्तर पर मामले का परीक्षण कराकर जल्द समाधान कराया जाएगा। साथ ही सूचीबद्ध पिछड़े वर्ग के पात्र लोगों को प्रमाणपत्र जारी कराकर आरक्षण का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

सरदार एसपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सिख समाज के मान-सम्मान और हितों की सुरक्षा के लिए कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, मंजू सिवाच, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, विजय मोहन सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।