विश्व मधुमेह दिवस पर आईएमए कराएगा राहगिरी कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ होंगी फिटनेस गतिविधियां

15 नवंबर को राजनगर में लगेगा स्वास्थ्य शिविर, योग, जुंबा, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

यूपी – गाजियाबाद। विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद की ओर से 15 नवंबर को भव्य राहगिरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 7 से 11 बजे तक राजनगर स्थित सेंट्रल पार्क के सामने वाली सड़क पर होगा। इसमें आईएमए की टीम के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी भाग लेंगे।

आईएमए की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि पिछले वर्ष मिले उत्साह को देखते हुए इस बार कार्यक्रम को और व्यापक रूप दिया गया है। इसमें मधुमेह की जांच के साथ आम नागरिकों के लिए विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

शिविर में एचबीए1सी, ब्लड शुगर, रेटिना, न्यूरोपैथी, हड्डियों की मजबूती, लिवर की फाइब्रोस्कैन, दांत, त्वचा और रक्तचाप की जांच की जाएगी। इसके अलावा सीपीआर प्रशिक्षण, महिलाओं के लिए स्तन जांच जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में योग, जुंबा, एरोबिक्स, रस्सीकूद, हुला हूप, नुक्कड़ नाटक और फ्लैश मॉब आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बच्चों के लिए मधुमेह विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और मनोरंजक खेल भी होंगे।

डॉ. प्रहलाद चावला ने इस पहल की शुरुआत और सफलता में योगदान के लिए आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का आभार व्यक्त किया। आईएमए ने शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।