हिंडन घाट पर शुद्ध गंगाजल, रंग-बिरंगी रोशनी, सीसीटीवी कैमरे और सफाई का होगा इंतजाम
यूपी – गाजियाबाद। छठ महापर्व को भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शहर के हिंडन नदी सहित लगभग 75 से 80 स्थानों पर छठ घाटों को तैयार किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिंडन घाट पर शुद्ध गंगाजल और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा स्नानघर, शौचालय, रंग-बिरंगी लाइटें और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। घाटों के आसपास पेड़ों की धुलाई और छंटाई का कार्य भी कराया जा रहा है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि छठ पूजा की तैयारियां समय से पूरी कराई जा रही हैं। पर्व को भव्यता के साथ मनाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सभी घाटों पर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि निर्माण, स्वास्थ्य और प्रकाश विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक कार्य समय रहते पूरे किए जाएं और छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

