गांधी राष्ट्रपिता हैं तो स्वामी दयानंद सरस्वती राष्ट्रपितामह हैं : कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी

यूपी – गाजियाबाद, 11 नवंबर। संजय नगर स्थित रामलीला मैदान में आर्य समाज संजय नगर के 40वें वार्षिक उत्सव का विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन चारों कोनों पर हवन के आयोजन के साथ हुआ। कार्यक्रम संयोजक सेवा राम त्यागी ने शुरुआत में गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, सहदेव तोमर, दिनेश सिंह और कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी को सम्मानित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि भारत की संसद के पूर्व अध्यक्ष एएम आयंगर ने कहा था कि यदि मोहनदास करमचंद गांधी भारत के राष्ट्रपिता हैं तो स्वामी दयानंद सरस्वती राष्ट्रपितामह हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष एनी बेसेंट ने भी कहा था कि स्वराज की मांग सबसे पहले स्वामी दयानंद सरस्वती ने ‘इंडिया फॉर इंडियंस’ का नारा देकर उठाई थी।

कर्नल त्यागी ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती युवाओं के लिए सैनिक प्रशिक्षण अनिवार्य करना चाहते थे। उनकी विचारधारा से प्रभावित होकर भगत सिंह, वीर सावरकर और राम प्रसाद बिस्मिल आर्य समाज से जुड़े। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वामी ओमानंद, स्वामी वृजानंद, स्वामी संपूर्णानंद और स्वामी दयानंद सरस्वती की एक गुप्त बैठक में रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, ज्वाला प्रसाद और नाना जी को अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष के लिए 3100 रुपये दिए जाने तथा कमल के फूल और रुमाली रोटी के माध्यम से संदेश पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। उनके अनुसार, 31 मई को देशभर में एक साथ आक्रमण करने की योजना थी।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्य समाज ने देश और समाज के जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में योगेश ने राष्ट्रहित और धर्महित के विषय पर विचार रखे तथा देश की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। अंकित ने देशभक्ति एवं धार्मिक भजन प्रस्तुत किए। सेवा राम त्यागी ने कार्यक्रम का संयोजन करने के साथ ही संचालन भी किया।