मोबाइल टावरों की यूनिट चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

30 आरआरयू और बीबीयू यूनिट बरामद, चोरी की क्रेटा कार भी जब्त

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस की अपराध शाखा और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से आरआरयू और बीबीयू यूनिट चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 24 आरआरयू और छह बीबीयू यूनिट सहित कुल 30 यूनिट तथा बिना नंबर प्लेट की काली क्रेटा कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनूर निवासी जाफराबाद दिल्ली, गौरव निवासी गांव जखेड़ी, सहारनपुर, सोनू निवासी गांव बड़ौदा, मुजफ्फरनगर और फैजल निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य राज्यों में मोबाइल टावरों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य दिन में रेकी करते और रात में टावर पर चढ़कर तार काटकर यूनिट चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान फैसल की मदद से बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक फैसल गिरोह का सरगना है और चोरी के लिए वाहन उपलब्ध कराता था।

बरामद क्रेटा कार गौतमबुद्धनगर के फेज-3 क्षेत्र से चोरी की गई थी। चारों आरोपियों के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में मुकदमा संख्या 372/2026 दर्ज किया गया है। कार्रवाई में अपराध शाखा और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की टीम शामिल रही।