
मुरादनगर में विधि-विधान से संपन्न हुए विवाह, नवदंपतियों को 85 हजार रुपये की सहायता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को मुरादनगर स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 31 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल 85 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि दिए जाने का प्रावधान है। उपहार सामग्री में वर-वधू के कपड़े, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट और दीवार घड़ी शामिल हैं।
समारोह में अनुसूचित जाति के 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के चार, सामान्य वर्ग के सात और अल्पसंख्यक वर्ग के चार जोड़े शामिल हुए। इनमें 27 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों से तथा चार जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी और खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया।

