
कैंप कार्यालय पर लगाया स्वागत शिविर, श्रद्धालुओं को वितरित किया चाय-नाश्ता और जलपान
गाजियाबाद। गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर निकाले गए विशाल नगर कीर्तन का समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने अपने सहयोगियों के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर गांधी नगर स्थित उनके कैंप कार्यालय पर विशेष स्वागत शिविर लगाया गया, जहां नगर कीर्तन में शामिल संगत और श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ते एवं जलपान की व्यवस्था की गई।

अभिषेक गर्ग ने स्वयं श्रद्धालुओं को जलपान वितरित कर सेवा कार्य में भागीदारी की। नगर कीर्तन की मुख्य पालकी साहिब के स्वागत शिविर पर पहुंचने पर उन्होंने हाथ जोड़कर मत्था टेका और पुष्पों से सजी पालकी साहिब के दर्शन कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं सिख समाज के पदाधिकारियों ने अभिषेक गर्ग को पटका और फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि गुरु नानक देव ने सत्य, प्रेम, करुणा, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी मानवता की सेवा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

