संविधान दिवस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित

शम्भू दयाल इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में अभिषेक गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

यूपी – गाजियाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर शम्भू दयाल इंटर कॉलेज में निर्माण वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अभिषेक गर्ग, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

अभिषेक गर्ग ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में जागरूकता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार और निर्माण वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।