एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल से ही एएमआर पर लगेगी रोक : मोंटू कुमार पटेल

एचआरआईटी विश्वविद्यालय में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया का आयोजन, 100 से अधिक संस्थानों के 2500 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

गाजियाबाद। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की ओर से शुक्रवार को एचआरआईटी विश्वविद्यालय में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) से मुकाबला रही। कार्यक्रम में 100 से अधिक फार्मेसी संस्थानों के लगभग 2500 विद्यार्थियों, शिक्षकों और फार्मासिस्टों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फार्मेसी विद्यार्थियों की जागरूकता रैली से हुआ। उद्घाटन सत्र में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल, एचआरआईटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अनिल अग्रवाल, उत्तर प्रदेश के राज्य संयोजक प्रो. विभु साहनी, दिल्ली के राज्य संयोजक दिनेश कुमार मदान, राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद बशीर, सह-अध्यक्ष प्रो. आकाश वेद, राज्य समन्वयक प्रो. नकुल गुप्ता, प्रो. शिखा परमार और राज्य सह-समन्वयक डॉ. नवनीत उपस्थित रहे।

डॉ. मोंटू कुमार पटेल ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल और बिना जरूरत उनके सेवन पर रोक लगाना जरूरी है। फार्मासिस्टों को मरीजों की सुरक्षा और दवाओं के दुष्प्रभावों की रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

अनिल अग्रवाल ने वैश्विक फार्मा क्षेत्र में भारत की बढ़ती पहचान और भारतीय फार्मासिस्टों के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, पोस्टर प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।