
हिंडन बैराज से हुआ शुभारंभ, सरकार को सौंपी जाएगी अध्ययन रिपोर्ट
यूपी – गाजियाबाद। हिंडन जल बिरादरी एवं सर्वोदय मंडल की ओर से आयोजित ‘हिंडन नदी एक पाठशाला’ की छठी अध्ययन पदयात्रा का शुभारंभ हिंडन बैराज से किया गया। दो दिवसीय इस पदयात्रा का उद्देश्य हिंडन नदी में बढ़ते प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों का स्थलीय अध्ययन करना तथा नदी संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

इस दौरान पदयात्रा में शामिल सहभागी हिंडन नदी की वर्तमान स्थिति, प्रदूषण के कारणों और पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभावों का अध्ययन करेंगे। यात्रा के माध्यम से जुटाई गई जानकारियों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपी जाएगी, ताकि नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इस पहल की सराहना करते हुए डॉ. संजीव शर्मा ने सभी आयोजकों और सहभागी साथियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नदी संरक्षण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया।

