
हर माह 11 तारीख को होगा दंगल, युवाओं को नशे से दूर रखने और शारीरिक विकास के लिए पहल
गाजियाबाद। बेहटा हाजीपुर गांव में युवा शक्ति की ओर से मासिक दंगल की शुरुआत की गई। प्रथम दंगल में राष्ट्रीय लोकदल के नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
मनोज धामा ने कहा कि दंगल शारीरिक विकास और युवाओं को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है। गांव में पहले भी दंगल आयोजित होते थे, लेकिन कुछ वर्षों से यह परंपरा बंद थी। युवाओं ने इसे दोबारा शुरू करके सराहनीय पहल की है। उन्होंने आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

दंगल में डगरपुर से गुरु लीलू पहलवान, मिठ्ठन पहलवान गोठरा, गुरु राजकुमार गोस्वामी अखाड़ा, गुरु राधेश्याम अखाड़ा गोकलपुरी, इंदिरा गांधी स्टेडियम सोनीपत, बाबूराव अखाड़ा शाहदरा, सुभाष पहलवान अखाड़ा मलकपुर, गाजियाबाद, रिस्तल और गनोली सहित विभिन्न स्थानों के पहलवानों ने भाग लिया। महिला पहलवानों ने भी कुश्ती लड़कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
आयोजक सूरज धामा ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर माह 11 तारीख को दंगल कराया जाएगा।
इस अवसर पर रणवीर धामा, देवेंद्र धामा, तेजिंदर धामा, नरेंद्र धामा, अजय डागर, पवन कुमार, सलीम पहलवान, बबलू खलीफा, मोनू धामा, सचिन धामा, दीपक धामा, रौनक धामा, मन्नू पंडित, दर्शन लाल, पप्पू पहलवान, कुल्लू पहलवान, कालू धामा और ब्रहम सिंह सहित हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।

