राजनगर एक्सटेंशन की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त और धूलमुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और सड़कों की नियमित मरम्मत के दिए निर्देश

यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों को गड्ढामुक्त, धूलमुक्त और अवरोधमुक्त बनाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष ने सोमवार को क्षेत्र की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण द्वारा निर्मित, निर्माणाधीन और प्रस्तावित सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जीडीए के मुख्य अभियंता, संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अभियंत्रण विभाग की टीम मौजूद रही। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। सड़क की सतह समतल होनी चाहिए, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने पूर्व में निर्मित सड़कों पर गड्ढों और टूट-फूट की तत्काल मरम्मत कराने तथा नियमित सफाई के साथ धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने को कहा। मुख्य मार्गों से आंतरिक सड़कों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और सड़क पर रखी निर्माण सामग्री व मलबा हटाने के भी निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने सेंट्रल वर्ज और हरित पट्टियों में लगे पौधों की नियमित छंटाई, सिंचाई और देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।