
हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन, सामाजिक एकता और सद्भाव का दिया संदेश
यूपी – गाजियाबाद। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर मेरठ से दिल्ली के लिए निकाली गई समरसता संकल्प यात्रा का दुहाई स्थित एचएलएम कॉलेज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए गए।

यात्रा मेरठ से शुरू होकर मोदीनगर और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। एचएलएम कॉलेज पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर मयंक गोयल ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और एकता का अनुपम संदेश देता है। उनके विचारों ने समाज को आपसी भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा दी। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और सद्भाव मजबूत करने के साथ भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प पूरा करना चाहिए।
कार्यक्रम में सदर विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, वेद प्रकाश जाटव, राजन आर्य वाल्मीकि, नीरज शर्मा, सचिन डेढ़ा, अमित रंजन, नवनीत मित्तल, विनोद कसाना, नीरज त्यागी और गजेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
