
लोकसभा की सीटों में संभावित 50 प्रतिशत वृद्धि से प्रतिनिधित्व बढ़ने की उम्मीद, महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में मिलेगी अधिक भागीदारी
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सत्येन्द्र सिंह ने लोकसभा की सीटों में विस्तार और महिला आरक्षण को विकसित भारत के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण विषय बताया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित भागीदारी देना समय की आवश्यकता है।

सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि वर्ष 1971 में देश की जनसंख्या लगभग 54.81 करोड़ थी, जो अब 140 करोड़ से अधिक हो चुकी है, जबकि लोकसभा में निर्वाचित सांसदों की संख्या 543 है। ऐसे में एक सांसद पर औसतन 25 लाख से अधिक नागरिकों के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी है। लोकसभा का विस्तार होने से ग्रामीण, पिछड़े और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को संसद में अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की संवैधानिक व्यवस्था करता है। इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नीति निर्धारण में उनकी भूमिका बढ़ने की उम्मीद है।
सत्येन्द्र सिंह के अनुसार, लोकसभा की सीटों में लगभग 50 प्रतिशत वृद्धि होने पर निर्वाचित सीटों की संख्या 543 से बढ़कर करीब 815 हो सकती है। हालांकि, यह संभावित गणना है, अंतिम संख्या नहीं।
