108 महिलाओं ने कलश यात्रा में सिर पर धारण किए कलश, श्रीराम कथा नवाह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

हिंदी भवन में 7 दिसंबर तक चलेगी श्रीराम कथा, वृंदावन धाम से आए डॉ. दयालु महाराज करेंगे कथा वाचन

यूपी – गाजियाबाद। लोहा व्यापारी सुबोध गुप्ता परिवार की ओर से 29 नवंबर से 7 दिसंबर तक लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में श्रीराम कथा नवाह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को कथा के शुभारंभ अवसर पर लोहिया नगर बी-ब्लॉक स्थित हरि मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें महिलाओं ने 108 कलश अपने सिर पर धारण किए।

कलश यात्रा में वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक डॉ. दयालु महाराज रथ पर विराजमान रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पूरे वातावरण में भगवान श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।

आयोजकों ने बताया कि हिंदी भवन में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन होगा। कथा का समापन 7 दिसंबर को दोपहर 12 बजे हवन एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।

कलश यात्रा में मुख्य रूप से सुबोध गुप्ता, अशोक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अनिल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, राजीव गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, आदित्य, गीता गुप्ता, रेनू गुप्ता, बबीता गुप्ता, सुनीता गुप्ता और अलका रानी गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।