ठकुराई गुट के शिक्षक नेताओं ने विद्यालयों में किया जनसंपर्क

शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर मतदान की अपील, गाजियाबाद में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. उमेशचन्द त्यागी, शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी सुशील चौधरी और स्नातक सीट के प्रत्याशी डॉ. राहुल कुशवाहा ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ गाजियाबाद के विभिन्न विद्यालयों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने शिक्षकों से 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।

अभियान के दौरान नेताओं ने गांधी स्मारक इंटर कॉलेज मंडौला, जनता इंटर कॉलेज सरौली, किसान राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चिरौंड़ी, आदर्श ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल चिरौंड़ी, नवजीवन इंटर कॉलेज फर्रुखनगर और श्री लालचंद शर्मा स्कूल साहिबाबाद का दौरा किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, अधिकारों और हितों पर चर्चा की।

डॉ. उमेशचन्द त्यागी ने शिक्षक हितों के लिए एकजुटता पर जोर दिया। सुशील चौधरी ने शिक्षकों के मान-सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने का संकल्प व्यक्त किया।

जनसंपर्क अभियान के बाद गाजियाबाद में केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और समर्थकों ने नेताओं का स्वागत किया। संगठन की ओर से प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की गई।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक एवं मीडिया प्रभारी राजीव त्यागी ने यह जानकारी दी।