
स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों के साथ की बैठक
गाजियाबाद। विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल ने मुजफ्फरनगर और शामली में जनसंपर्क कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और चुनाव अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।
शामली में भाजपा कार्यालय पर आयोजित कामकाजी बैठक में दिनेश कुमार गोयल शामिल हुए। बैठक में जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप और जिला प्रभारी राजा वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने चुनाव की तैयारियों से संबंधित जानकारी साझा की। इसके बाद उन्होंने शामली के गांव बाबरी में स्वर्गीय सत्यवती शर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने आयोजक परिवार और सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।

इसके बाद मुजफ्फरनगर के कुकड़ा मंडल में जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी के नेतृत्व में मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री द्वारा आयोजित स्नातक जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर जिला संयोजक मोहन तायल, सदर विधानसभा संयोजक पंकज माहेश्वरी, जिला मंत्री ममता अग्रवाल और युवा मोर्चा जिला महामंत्री रजत त्यागी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मुजफ्फरनगर की गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव अभियान को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

