फीमऑरा फेस्टिव एवं वेडिंग प्रदर्शनी में उमड़े 1500 खरीदार

42 ब्रांडों ने एक छत के नीचे सजाए उत्पाद, पहली प्रदर्शनी को मिला शहरवासियों का शानदार प्रतिसाद

गाजियाबाद। फीमऑरा एवं भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 12 अक्टूबर को ऑर्नेट पैलेस, सेक्टर-10, राजनगर में आयोजित ‘द फेस्टिव एडिट’ प्रदर्शनी का भव्य समापन हुआ। करवा चौथ और दीपावली के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में लगभग 1500 खरीदार पहुंचे। आयोजकों की पहली प्रदर्शनी में 42 ब्रांडों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के उपमहानिदेशक जितेन्द्र गर्ग और संस्कार उपवन के संस्थापक नवनीतप्रिय दास ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उद्यमियों से संवाद किया और उनके उत्पादों की सराहना की।

प्रदर्शनी में साड़ियां, परिधान, आभूषण, जूते, घरेलू सजावट, उपहार, हस्तकरघा और खाद्य उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। 1500 रुपये या उससे अधिक की खरीदारी पर उपहार तथा 5000 रुपये की खरीद पर लकी ड्रॉ के कूपन दिए गए। प्रति घंटे निकाले गए लकी ड्रॉ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सभी स्टॉल संचालकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर देवेंद्र हितकारी, अखिलेन्द्र गर्ग, राजीव गोयल, पुनीत गुप्ता, कपिल, सौरभ अग्रवाल, वृंदा, सृष्टि अग्रवाल और नीतू उपस्थित रहे। आयोजन की ओर से सीए डॉ. विनय मित्तल ने सभी प्रतिभागियों, खरीदारों, सहयोगियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहली प्रदर्शनी को मिला उत्साह आयोजकों के लिए प्रेरणादायक है।