विजयनगर रामलीला में केवट संवाद और राजा दशरथ के निधन का मार्मिक मंचन

यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से 15 अक्टूबर को रामलीला में केवट संवाद और राजा दशरथ के निधन का भावपूर्ण मंचन किया गया। दोनों प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

लीला में दिखाया गया कि वनवास के दौरान गंगा तट पर पहुंचे श्रीराम, सीता और लक्ष्मण को केवट नाव से गंगा पार कराने से पहले श्रीराम के चरण पखारने की इच्छा जताता है। वह चरणों की धूल से नाव के किसी अन्य रूप में बदल जाने की आशंका व्यक्त करता है। श्रीराम केवट की भक्ति से प्रसन्न होते हैं। गंगा पार कराने के बाद केवट उतराई लेने से भी इनकार कर देता है। यह प्रसंग भक्ति, समर्पण और निष्काम सेवा का संदेश देता है।

वहीं, श्रीराम के वनवास के वियोग में राजा दशरथ राम का स्मरण करते हुए प्राण त्याग देते हैं। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

लीला का शुभारंभ कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम व देवेंद्र त्रिपाठी तथा सहसचिव रवि कौशिक ने श्रीराम और माता सीता की आरती करके किया।