
16 अक्टूबर को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में होंगे सम्मानित
यूपी – मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के उर्दू विभाग की पुरस्कार समिति ने सर सैयद राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। इस वर्ष साहित्यिक सेवाओं के लिए गाजियाबाद के प्रसिद्ध कवि एवं विचारक डॉ. जकी तारिक और सामाजिक सेवा के लिए एमएसएम इकाई की अध्यक्ष स्मिता शर्मा को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार 16 अक्टूबर 2026 को शाम चार बजे आयोजित समापन सत्र में प्रदान किए जाएंगे।
उर्दू विभाग स्थापना काल से ही सर सैयद एजुकेशनल सोसाइटी, मेरठ के सहयोग से महान शिक्षाविद् सर सैयद अहमद खां की जयंती पर जश्न-ए-सर सैयद का आयोजन करता आ रहा है। इसमें व्याख्यानमाला, प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं लेखन प्रतियोगिताएं, संगोष्ठी, बैतबाजी और गजल गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
डॉ. जकी तारिक की प्रमुख कृतियों में एहसास की धूप, पलकों पे ख्वाब, सुबह की दहलीज और शाम का धुंधलका शामिल हैं। उन्होंने शोध, आलोचना और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी सहित विभिन्न संस्थाओं से सम्मान मिल चुके हैं।
वहीं, स्मिता शर्मा संस्था ‘साथ’ के माध्यम से मानसिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को नई आशा देने और आत्महत्या रोकथाम के लिए कार्य कर रही हैं। उनकी संस्था ‘द एकेडमी’ बच्चों में शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा और जीवन-मूल्यों के विकास के लिए प्रयासरत है।

