
यूपी – गाजियाबाद, 14 अक्टूबर। श्री धार्मिक रामलीला समिति (पंजीकृत), कविनगर की ओर से एक दिन में लगभग तीन घंटे के भीतर संपूर्ण रामलीला का सजीव मंचन किया जा रहा है। आधुनिक जीवनशैली और समय की कमी को देखते हुए शुरू की गई इस पहल को दर्शकों का लगातार अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
संस्कृति थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने राजीव राज गुप्ता के निर्देशन में श्रीराम जन्म से लेकर सीता स्वयंवर, भरत मिलाप, सीता हरण, लंका दहन, रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक तक की संपूर्ण कथा का सुंदर मंचन किया। प्रस्तुति देखकर दर्शक भावविभोर हो गए।

इस अवसर पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विपुल कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अजय जैन, कार्यकारिणी सदस्य सुनील निगम, देवेंद्र पाल कौशिक, मुकेश सिंघल और मनोनीत सदस्य प्रदीप कुमार गुप्ता ने सह प्रायोजक रिश्ता फूड प्रोडक्ट्स के मालिक आदि नारायण गुप्ता, समाजसेवी एवं हिंदी भवन के महामंत्री सुभाष गर्ग तथा शिक्षाविद एवं लोहा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अतुल जैन को पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
मंचन से पूर्व संचालिका संगीता चटर्जी, कला उद्भव केंद्र, इंदिरापुरम और ग्लोबल डांस एकेडमी के बच्चों ने भारतीय शास्त्रीय एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। समिति के प्रचार मंत्री तरुण चौटानी, आनंद गर्ग और जगत शर्मा ने कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

