
यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राज्य सचिव अभिषेक गर्ग ने रामानुज दयाल मार्केट में नगर निगम की नीतियों के विरोध में पिछले करीब 15 दिनों से चल रहे व्यापारियों के धरना-प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को सुना।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि नगर निगम की गलत नीतियों और उपेक्षा के कारण व्यापारियों को सड़कों पर बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रशासन को व्यापारियों की जायज मांगों को तत्काल स्वीकार करना चाहिए। व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी लड़ाई में वह हर कदम पर उनके साथ खड़े हैं।
धरने को समर्थन देने के बाद अभिषेक गर्ग ने हिंडन विहार क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं तथा मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अभिषेक गर्ग का समर्थन किया। कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

