
यूपी – गाजियाबाद। भाजपा किसान मोर्चा गाजियाबाद महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष देवेन्द्र यादव एवं उनकी नवगठित कार्यकारिणी का 17 नवंबर को अवंतिका स्थित उत्थान वाटिका में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष भानू सिसोदिया ने किया। अध्यक्षता पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिंह सिरोही तथा संचालन राम औतार राणा ने किया।

समारोह में किसान मोर्चा की नई टीम ने भाजपा उत्तर प्रदेश दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त होने पर सत्येन्द्र सिंह को सम्मानित किया।
सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना जरूरी है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगजनों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

नवनियुक्त अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए समर्पित रहेगा।
पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिंह सिरोही ने अनुशासन और एकजुटता को संगठन की ताकत बताया। भानू सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं के सम्मान को भाजपा की शक्ति बताया।
कार्यक्रम में कवि नगर मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, पार्षद मनोज त्यागी और राम औतार राणा सहित किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

