बिराज फाउंडेशन ने सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे गर्म कपड़े और जरूरी सामान

यूपी – गाजियाबाद। सर्दी की दस्तक के साथ ही बिराज फाउंडेशन ने मानव सेवा की पहल करते हुए बुधवार को दीनदयाल पुरी, नंदग्राम में वस्त्र एवं आवश्यक वस्तु वितरण अभियान आयोजित किया। इसमें सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सहायता प्रदान की गई।

अभियान के दौरान जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, साड़ी, शर्ट, पैंट, बच्चों के कपड़े, शॉल, कंबल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं बुजुर्गों ने भी फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की। फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थित तरीके से प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुंचाई।

इस अवसर पर बिराज फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. बिराज कुमार सिंह ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। संस्था का प्रयास है कि सर्दी के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से परेशान न हो। किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन केवल एक दिन की मदद तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना उसका लक्ष्य है। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य जांच शिविर, कंबल वितरण और शिक्षा सहायता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में फाउंडेशन की टीम, स्थानीय कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की।