श्याम बाबा की निशान यात्रा में शामिल हुए सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, चुनावी तैयारियों को लेकर भी की बैठक

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग क्षेत्र में निकाली गई श्री श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने यात्रा का स्वागत कर श्याम बाबा के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्र व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। अभिषेक गर्ग ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अभिषेक गर्ग ने गांधी नगर स्थित अपने कार्यालय पर सेक्टर एवं जोन प्रभारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। इसमें सपा जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष और महानगर महासचिव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और कमेटियों के गठन की रणनीति बनाई गई। अभिषेक गर्ग एवं पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए मजबूत बूथ प्रबंधन जरूरी है। इसके साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर जोर दिया गया। सभी सेक्टर एवं जोन प्रभारियों को फॉर्म-6 वितरित कर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।