
यूपी – गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) में 19 नवंबर को डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। गाजियाबाद जोन के इस खेल महोत्सव में करीब 20 महाविद्यालयों के 1200 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत, मशाल प्रज्वलन और विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का मार्च पास्ट आकर्षण का केंद्र रहा। अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया।
जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट कोऑर्डिनेटर आलोक त्यागी ने आयोजन की जानकारी दी, जबकि डीन स्टूडेंट वेलफेयर एच.जी. गर्ग ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। इस अवसर पर निदेशक डॉ. बी.सी. शर्मा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी.के. चौहान और ग्रुप एडवाइजर डॉ. लक्ष्मण प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल के पूर्व डीआईजी कृष्ण सरूप सूद ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्हें कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में वीरता के लिए राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। 77 वर्ष की आयु में एवरेस्ट बेस कैंप और अन्नपूर्णा बेस कैंप तक ट्रेकिंग कर उन्होंने दो विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं।
प्रतियोगिताओं में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स शामिल हैं। फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह 20 नवंबर को आयोजित होंगे।

