आरकेजीआईटी में 20 नवंबर से होगी छठी अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, 229 शोध पत्रों का होगा प्रस्तुतीकरण

यूपी – गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) में 20 और 21 नवंबर को आईईईई के तत्वावधान में छठी अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘एडवांसमेंट इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग-2026’ (एईसीई-2026) का आयोजन किया जाएगा। इसमें नवीनतम शोध, तकनीकी नवाचार और वैज्ञानिक उपलब्धियों पर देश-विदेश के शोधकर्ता एवं शिक्षाविद् विचार साझा करेंगे।

कॉन्फ्रेंस संयोजक डॉ. आर.के. यादव और डॉ. अमित सिंघल ने बताया कि सम्मेलन के लिए कुल 1277 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से गहन समीक्षा के बाद 229 शोध पत्र प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित किए गए हैं। चयनित शोध पत्र आईईईई एक्सप्लोर में प्रकाशित होंगे। इससे शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

सम्मेलन में अमेरिका, जर्मनी, थाईलैंड, ईरान, मलेशिया, नाइजीरिया, ओमान और उज्बेकिस्तान सहित भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी शामिल होंगे। विशेषज्ञ नवीनतम तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर व्याख्यान देंगे।

प्रेस वार्ता में संस्थान के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल, ग्रुप एडवाइजर डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी.के. चौहान, डायरेक्टर डॉ. बी.सी. शर्मा, डीन ईआईआई डॉ. पुनीत चंद्र श्रीवास्तव, डीन एक्रीडिटेशन डॉ. रामेन्द्र सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर एच.जी. गर्ग तथा डीन एकेडमिक एवं संयोजक डॉ. आर.के. यादव और सीएसई विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सिंघल उपस्थित रहे।