व्यापारियों को 10 लाख तक कैशलेस इलाज और 20 लाख का दुर्घटना बीमा देने की मांग

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने विधायक संजीव शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

यूपी – गाजियाबाद। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों और उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आग लगने या प्राकृतिक आपदा में दुकानों के क्षतिग्रस्त अथवा नष्ट होने पर पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त कर तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक प्रतिनिधियों की तर्ज पर व्यापारियों को भी प्रतिनिधित्व देने तथा पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग उठाई।

संदीप बंसल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए सरकार को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर दीपक गर्ग, संजय गुप्ता, अनिल गर्ग, अमन सिसोदिया, सोनु सैनी, संजय अरोड़ा, ललित कुमार (रघु), विवेक सिंघल और जगमोहन मौजूद रहे।