श्याम बाबा की निशान शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा नगर

यूपी – गाजियाबाद। श्याम बाबा की भव्य, विशाल एवं संगीतमय निशान शोभायात्रा में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगे निशानों और बाबा के जयकारों से पूरा नगर श्याममय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ श्री ठाकुरद्वारा मंदिर, हापुड़ मोड़ से हुआ। मंदिर परिसर में निशानों की पूजा-अर्चना के बाद श्याम बाबा को भव्य श्रृंगार के साथ रथ पर विराजमान किया गया। श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के महंत नारायण गिरी और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने बाबा की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया।

ढोल-नगाड़ों, शहनाई और संगीत की धुनों पर श्याम भजनों का गुणगान करते हुए श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर आगे बढ़े। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। शोभायात्रा दिल्ली गेट, चौपला, रमते राम रोड, जीटी रोड और चौधरी मोड़ होते हुए अंबेडकर रोड स्थित श्री बालाजी एवं खाटू श्यामजी मंदिर, श्याम मार्ग पहुंची।

यहां श्रद्धालुओं ने अपने निशान बाबा को अर्पित कर आशीर्वाद लिया और भोजन प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन श्री खाटू श्याम कुटुम्ब सेवा परिवार मंदिर समिति ट्रस्ट, गाजियाबाद की ओर से किया गया। संस्था मंदिर में बाबा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से प्रतिवर्ष धार्मिक आयोजन करती आ रही है। कार्यक्रम में संस्था के सभी पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।