
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर-4 स्थित मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट में केस विश्लेषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 50 से अधिक विद्यार्थियों ने आपराधिक, दीवानी, वैवाहिक, निर्वाचन कानून और भारतीय संविधान से जुड़े विभिन्न मामलों का विश्लेषण पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. अटल कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान, निर्णय लेने और प्रस्तुतीकरण कौशल विकसित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की टीमों ने सक्रिय भागीदारी की। निर्णायक मंडल में दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रोफेसर डॉ. उपेंद्र नाथ और डॉ. मीना कुमारी शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को तार्किक सोच, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के साथ कानूनी मामलों का विश्लेषण करने के लिए प्रेरित किया।
मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी शैक्षणिक गतिविधियां सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक समझ के बीच सेतु का कार्य करती हैं।
प्रतियोगिता में बीएएलएलबी पंचम सेमेस्टर की छात्रा इरा आर्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जस गुरुवाणी और यश त्यागी ने द्वितीय तथा बीएएलएलबी सप्तम सेमेस्टर के अनंत गोयल और देवांशी शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंत में प्रिंसिपल डॉ. अटल कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

