
यूपी – गाजियाबाद। वन्यजीव सप्ताह के उपलक्ष्य में सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद के अंतर्गत गाजियाबाद रेंज की ओर से संजय नगर स्थित सामुदायिक भवन में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को वन्यजीव संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्रभागीय वनाधिकारी गाजियाबाद डॉ. सलोनी, क्षेत्रीय वनाधिकारी निमी कुचिया और संजय नगर के पार्षद उमेश पप्पू नागर की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान गाजियाबाद रेंज का समस्त स्टाफ तथा क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
गोष्ठी में वक्ताओं ने वन्यजीवों को पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उनके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। नागरिकों को वन्यजीवों के साथ सुरक्षित व्यवहार करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने नागरिकों से वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष हरपाल सिंह, महामंत्री देशबंधु गोयल, गौरीशंकर सिंह, तिवारी, हरेंद्र यादव, उपेंद्र राठी, भूषण शर्मा और गुंजन कक्कड़ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

