किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू देहात ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

यूपी – गाजियाबाद। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन देहात ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ को ज्ञापन सौंपा। मुख्य विकास अधिकारी के आश्वासन पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना स्थगित कर दिया गया। संगठन ने समस्याओं का 10 दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में पीडी डीआरडीए अतुल कुमार शर्मा पर जनप्रतिनिधियों की निधि से होने वाले विकास कार्यों के टेंडर में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। पटेल भवन और किसान भवन कविनगर के निर्माण कार्यों के टेंडर लंबित रहने का भी मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर अरीकपुर-इनायतपुर क्षेत्र में ट्रक पार्किंग निर्माण के चलते क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, खतौनियों में अंश निर्धारण की त्रुटियों का शुद्धिकरण, मुरादनगर में अवैध निर्माण हटाने तथा पूर्व सैनिक खजान सिंह के पुत्र की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।

संगठन ने चेताया कि समाधान नहीं होने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के गाजियाबाद कार्यक्रमों में पहुंचकर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।

इस दौरान मास्टर मनोज नागर, प्रदीप मुखिया, विपिन मावी, प्रमोद त्यागी, सुरेंद्र चपराना, नितिन नागर, राजेंद्र सिंह, दीपक बंसल, अंकित खारी, जान मोहम्मद, वसी ठेकेदार, मतलूब कुरैशी, वाहिद कुरैशी, फिरोज चौधरी, शील कुमार त्यागी, विपुल त्यागी, गिरीश पंडित, करण प्रताप, गोविंदा, प्रमोद यादव, भारत यादव, अल्ताफ, वकार, श्याम चौधरी, प्रदीप जिला अध्यक्ष बुलंदशहर और राजेंद्र चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।