
यूपी – गाजियाबाद। स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सदस्य चुनाव को लेकर भाजपा गाजियाबाद महानगर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में स्नातक प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल और शिक्षक प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता महानगर प्रभारी अशोक कटारिया ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और मतदान के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को चिन्हित कर उनसे जनसंपर्क स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में सभी मंडलों के पदाधिकारियों ने चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी दी। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और मतदान प्रक्रिया के संबंध में उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीतपाल त्यागी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, आशु वर्मा और कृष्णवीर सिरोही सहित महानगर एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में स्नातक प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल और शिक्षक प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के पक्ष में मतदान बढ़ाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

