नारद मोह की लीला में अभिमान का हुआ अंत, रावण जन्म का भी हुआ मंचन

यूपी – गाजियाबाद। श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी, घंटाघर की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव में गणेश पूजन एवं शोभायात्रा के बाद मंगलवार को सती मोह, शिव-पार्वती विवाह, सनकादिक कुमार-जय विजय संवाद, नारद मोह और रावण जन्म की लीलाओं का मंचन किया गया। संदीप अरोड़ा के निर्देशन में श्री जी कला मंच, दिल्ली के कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

शिव-पार्वती विवाह के बाद मंचित नारद मोह प्रसंग में नारद मुनि को काम और क्रोध पर विजय प्राप्त करने का अभिमान हो जाता है। वह पहले भगवान शिव को इसकी जानकारी देते हैं। भोलेनाथ उन्हें इस बात को गुप्त रखने की सलाह देते हैं, लेकिन नारद मुनि ब्रह्मा और भगवान विष्णु के समक्ष भी अपने अभिमान का प्रदर्शन करते हैं।

नारद मुनि का अभिमान समाप्त करने के लिए भगवान विष्णु माया रूपी नगरी की रचना करते हैं। वहां विश्वमोहिनी नामक सुंदर कन्या को देखकर नारद मुनि मोहित हो जाते हैं और उससे विवाह की इच्छा व्यक्त करते हुए भगवान विष्णु से सुंदर रूप मांगते हैं। भगवान विष्णु उन्हें सुंदर शरीर के साथ वानर का मुख प्रदान कर देते हैं। विश्वमोहिनी का स्वयंवर देखने पहुंचे नारद मुनि को अपने वास्तविक स्वरूप का पता चलने पर क्रोध आ जाता है और वह भगवान विष्णु को पृथ्वी पर मनुष्य रूप में जन्म लेने का श्राप दे देते हैं। इस प्रसंग को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

इसके बाद रात्रि में रावण जन्म की लीला का मंचन किया गया। लीला में शिव की भूमिका संदीप अरोड़ा, पार्वती की रुचि गोस्वामी, नारद की रवि गोस्वामी, विष्णु की अंकित खन्ना और लक्ष्मी की स्वीटी गुप्ता ने निभाई।

रामलीला कमेटी के अनुसार बुधवार को रावण जन्म, रावण तपस्या, कुबेर से लंका छिनना, रावण-वेदवती संवाद और नलकुबेर के श्राप की लीला का मंचन किया जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष अजय बंसल, उस्ताद अशोक गोयल, नरेश अग्रवाल, सुधीर गोयल मोनू, संजीव मित्तल, अनिल चौधरी, प्रदीप मित्तल, रविंद्र मित्तल, वीरेंद्र कुमार वीरो, दिनेश शर्मा बब्बे, शिव ओम बंसल, आलोक गर्ग, ज्ञान प्रकाश गोयल, सुभाष गुप्ता, सुबोध गुप्ता, मनीष मित्तल, गगन सैनी, आशु धवन, दिनेश गोयल, विभोर गोयल, विनय सिंघल, मुनेंद्र आर्य, सुंदर लाल, राघवेंद्र, पार्षद नीरज गोयल, मोहित मित्तल, देवेंद्र मित्तल, जय वीर शर्मा, मनमोहन मित्तल और प्रदीप गर्ग सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।