10 अक्टूबर से विधानसभा 56 में लगेंगे 50 समाजवादी मेडिकल कैंप

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा 56 क्षेत्र में 10 अक्टूबर से करीब 50 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इस संबंध में प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने गांधी नगर स्थित कार्यालय पर जिला एवं महानगर संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय सचिव भुवन जोशी और राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति भी मौजूद रहे।

अभिषेक गर्ग ने बताया कि समाजवादी मेडिकल कैंपों का उद्देश्य गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविरों में फेफड़ों की जांच, रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन और ईसीजी की जांच की जाएगी। सामान्य चिकित्सक, दंत रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ मरीजों को परामर्श देंगे।

भुवन जोशी और रमेश प्रजापति ने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाती रही है। प्रेस वार्ता के दौरान अभिषेक गर्ग ने एक जरूरतमंद व्यक्ति को साइकिल भेंट की।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 अक्टूबर को वार्ड 12 कालका गढ़ी-जटवाड़ा, 12 अक्टूबर को वार्ड 17 सेवा नगर-हिंडन विहार, 15 अक्टूबर को वार्ड 88 गांधी नगर, 18 अक्टूबर को वार्ड 48 मिर्जापुर, 22 अक्टूबर को वार्ड 93 कैला भट्टा, 24 अक्टूबर को वार्ड 27 डूंडाहेड़ा क्रॉसिंग, 25 अक्टूबर को वार्ड 39 राकेश मार्ग-नासिरपुर, 27 अक्टूबर को वार्ड 55 प्रताप विहार सेक्टर-11 और 30 अक्टूबर को वार्ड 22 दौलतपुरा-लुहारपुरा में शिविर लगाए जाएंगे।