
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश, सीसीटीवी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था के निर्देश
यूपी – गाजियाबाद। छठ पर्व को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कोयल एन्क्लेव योजना में तैयारियों को तेज कर दिया है। जीडीए के उपाध्यक्ष एवं सचिव ने संबंधित अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारियों की टीम के साथ छठ पूजा की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान योजना में बनाए गए चार छठ घाटों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों के आसपास साफ-सफाई, स्वच्छता, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। महिलाओं की सुविधा और निजता के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। वहीं सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद अधिकारियों ने कोयल एन्क्लेव में निर्माणाधीन रामायण थीम पार्क का भी निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिशासी अभियंता और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी कर निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होने देने को कहा।
जीडीए का लक्ष्य छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रामायण थीम पार्क को भी समयबद्ध तरीके से तैयार करना है।

