
यूपी – गाजियाबाद, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर विजयनगर स्थित रोज़ बेल पब्लिक स्कूल में शनिवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सरदार जोगेंद्र सिंह और प्रधानाचार्या धरमजीत कौर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के निदेशक सरदार बलप्रीत सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
मेले में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने फैशन शो, नृत्य, हेलोवीन डिस्को, मैशअप, एकल गायन तथा पंजाबी और हरियाणवी लोक नृत्य सहित कई रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए खानपान और खेलों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ आभासी वास्तविकता (वीआर) खेल और इलेक्ट्रिक वायर गेम भी तैयार किए।

निदेशक सरदार बलप्रीत सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में आत्मनिर्भरता, सामूहिक कार्य और व्यावहारिक कौशल का विकास होता है। मेले में हॉन्टेड हाउस भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जहां बच्चों ने रोमांचक अनुभव का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भाग्यशाली चयन के माध्यम से विजेताओं को चुना गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और चयन में विजेता रहे अभिभावकों को प्रधानाचार्या धरमजीत कौर ने उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उत्साह और उल्लास से भरा यह आयोजन यादगार बन गया।

