कवि प्रवीण शुक्ल को साहित्य साधक सम्मान, पुस्तक ‘जीवन के दो छोर’ का विमोचन

दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित हुआ भव्य समारोह, मनोज तिवारी ने किया सम्मानित

दिल्ली – दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब के स्पीकर हॉल में हास्य-व्यंग्य के सुविख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल को साहित्य साधक सम्मान से सम्मानित किया गया। डायमंड बुक्स और साहित्यिक संस्था सोच के तत्वावधान में आयोजित समारोह में सांसद मनोज तिवारी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर डायमंड बुक्स द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘जीवन के दो छोर’ का विमोचन भी किया गया। समारोह का आयोजन प्रवीण शुक्ल के 55वें जन्मदिवस पर हुआ।

कार्यक्रम में पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा और पद्मश्री डॉ. अशोक चक्रधर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुरेंद्र शर्मा ने उन्हें वर्तमान दौर का सर्वाधिक सक्रिय रचनाकार बताया, जबकि अशोक चक्रधर ने उनके निरंतर साहित्य सृजन की सराहना की। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ गजलकार मंगल नसीम ने की।

वरिष्ठ कवयित्री डॉ. कीर्ति काले ने पुस्तक की साहित्यिक विवेचना प्रस्तुत की। कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा ने प्रवीण शुक्ल की जीवन यात्रा पर प्रकाश डाला। वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल जोशी और कवि विनीत चौहान ने भी उनके साहित्यिक योगदान की प्रशंसा की।

इस अवसर पर राजेश कुमार, निर्दोष शर्मा, डायमंड बुक्स के चेयरमैन मनीष वर्मा, सोच संस्था के अध्यक्ष विनयशील चतुर्वेदी और गायक दीपेंद्र दीपक की विशेष भूमिका रही। कवयित्री एवं अभिनेत्री अल्पना सुहासिनी ने संचालन किया।

समारोह में अरुण शर्मा, ललित जायसवाल, पृथ्वी सिंह कसाना, राज कौशिक, सलामत मियां, अनिमेश शर्मा और शैलेंद्र कुमार सहित अनेक साहित्यकार, पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. प्रवीण शुक्ल को जन्मदिवस और पुस्तक विमोचन की शुभकामनाएं दीं।