मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा यात्रा प्रेरणादायी : ब्रजेश पाठक

यूपी – गाजियाबाद, 2 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गाजियाबाद में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा की यात्रा पर आधारित ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नाट्य मंचन का अवलोकन किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से उनके सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्षों, संकल्पों और जनसेवा से जुड़े प्रसंगों को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा को सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रहित से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से दिखाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसर, किसानों के हित, देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को प्रमुखता मिली है। ऐसी प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देती हैं।

इस अवसर पर मंत्री सुनील शर्मा, प्रदेश मंत्री प्रवेंद्र जागीड़, क्षेत्रीय मंत्री दीपक ऋषि, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और प्रशांत चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।