रामानुज दयाल मार्केट बी-सी ब्लॉक के व्यापारियों का धरना विपक्षी दलों का सुनियोजित षड्यंत्र : राजू छाबड़ा

यूपी – गाजियाबाद। रामानुज दयाल मार्केट बी और सी ब्लॉक के व्यापारियों द्वारा नगर निगम के खिलाफ दिए जा रहे धरने को व्यापारी नेता राजू छाबड़ा ने विपक्षी दलों द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र के आधार पर किया जा रहा आंदोलन बताया है। उन्होंने कहा कि बी-सी और डी ब्लॉक की दुकानों के अनुबंध, आवंटन प्रक्रिया और शर्तों में स्पष्ट अंतर है, इसलिए दोनों बाजारों को एक समान बताना गलत है।

राजू छाबड़ा ने कहा कि डी ब्लॉक की दुकानों का आवंटन कुल मूल्य लेकर दुकान बेचने के अधिकार के आधार पर किया गया था। साथ ही नगर निगम द्वारा समय-समय पर लगाए जाने वाले सभी करों के भुगतान की व्यवस्था भी अनुबंध में थी। इसके विपरीत बी-सी ब्लॉक की दुकानों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि बी-सी ब्लॉक के अनुबंध में प्रत्येक तीन वर्ष में किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि तथा समय-समय पर जारी शासनादेश लागू करने की शर्त शामिल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी तथ्यों को छिपाकर दोनों बाजारों को समान बता रहे हैं और विपक्षी दलों के साथ मिलकर अलग माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घंटाघर गोल मार्केट और टाउन हॉल जैसी पुरानी बाजारों में विभाजन के समय दुकानों का आवंटन हुआ था, लेकिन वहां वाणिज्यिक कर नहीं लगाया गया। डी ब्लॉक में वाणिज्यिक कर के साथ किराया भी लगाया गया है।

इस दौरान डी ब्लॉक के व्यापारियों ने महापौर और नगर निगम अधिकारियों के समर्थन में नारे लगाए।