गांधी-शास्त्री जयंती पर युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रकल्प शुरू

यूपी – गाजियाबाद/नोएडा, 2 अक्टूबर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर युवाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत Gen-Z के लिए निःशुल्क कौशल विकास सेवा प्रकल्प का शुभारंभ किया गया। भारतीय जनता पार्टी ने इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (आईसीआईएम) के सहयोग से यह पहल शुरू की है। इसके तहत स्नातक युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

गाजियाबाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने महानगर कार्यालय में प्रकल्प का शुभारंभ किया। नोएडा में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने अभियान की शुरुआत की।

मयंक गोयल ने कहा कि देश की युवा शक्ति को शिक्षा के साथ व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं नवाब सिंह नागर ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। डिग्री के साथ कौशल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।

आईसीआईएम के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि कला, वाणिज्य, विज्ञान, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, कानून सहित किसी भी संकाय से स्नातक युवा इसमें पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशिक्षण पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क होगा तथा पात्र प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकल्प उद्योग और युवाओं के बीच कौशल सेतु तैयार करने का प्रयास है।

ऑनलाइन पंजीकरण क्यूआर कोड और आईसीआईएम की वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। इस अवसर पर पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा, प्रदीप बाल्मीकि, सचिन डेढ़ा, अनिल सांवरिया, भानु सिसोदिया और मेहताब त्यागी सहित कई लोग उपस्थित रहे।