
यूपी – गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद की नई कार्यकारिणी ने 1 अक्टूबर से कार्यभार संभाल लिया। कार्यकाल के प्रथम दिवस को सामाजिक सेवा के रूप में मनाते हुए चिकित्सकों ने शहर के तीन प्रमुख ब्लड बैंकों में रक्तदान शिविर आयोजित किए। अभियान में कुल 40 चिकित्सकों ने रक्तदान किया, जिनमें 12 महिला चिकित्सक भी शामिल रहीं।
लाइफलाइन ब्लड बैंक, होली चाइल्ड चौराहा, गाजियाबाद ब्लड बैंक, मालीवाड़ा चौक और संतोष मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
इस अवसर पर आईएमए गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद चावला, उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. अनुरागी, अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. अर्चना शर्मा, सचिव डॉ. राजीव त्यागी, संयुक्त सचिव डॉ. पारुल, डॉ. प्रियंका और डॉ. सारिका जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। आईएमए उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, सचिव डॉ. आशीष अग्रवाल और कोषाध्यक्ष डॉ. वाणी पुरी रावत ने भी सहभागिता की।
डॉ. प्रहलाद चावला ने कहा कि रक्तदान से पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराना जरूरी है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से सामान्यतः कमजोरी नहीं आती। आपातकाल में यही रक्त जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने चिकित्सकों और आम नागरिकों से नियमित रक्तदान कर जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

