गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली और न्यूट्रिशन पाउडर वितरित

यूपी – गाजियाबाद। सेवा और समर्पण अभियान के तहत संयुक्त जिला चिकित्सालय में 150 गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली और न्यूट्रिशन पाउडर वितरित किया गया। रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के तत्वावधान में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता और प्रथम महिला स्वाति गुप्ता ने सेवा संकल्प को दोहराया।

जनपद में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पिछले चार माह से प्रत्येक सप्ताह निर्धारित चार तिथियों पर स्वास्थ्य विभाग की सूची के अनुसार बड़ी संख्या में महिलाओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें रेड क्रॉस सोसायटी का निरंतर सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब गाजियाबाद इंपिरियल, गाजियाबाद सेंट्रल, गाजियाबाद एलीट, गाजियाबाद स्मार्ट सिटी, गाजियाबाद आइडियल और नोएडा आइकॉनिक ने सहयोग किया। सभी क्लबों के अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों को गर्भस्थ शिशु की देखभाल और पोषण संबंधी जानकारी दी।

रेड क्रॉस के एमसी गौड़ ने गर्भावस्था में इंटरनेट और सामाजिक माध्यमों से मिली अपुष्ट जानकारी से बचने तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग से लेने की सलाह दी। महिला प्रतिनिधि विमला देवी और रोटरी की महिला सदस्यों ने भी विचार रखे। संचालन संजय यादव ने किया।