राजनगर एक्सटेंशन में जीडीए की कार्रवाई, अवैध वेयर हाउस समेत कई निर्माण ध्वस्त

यूपी – गाजियाबाद, 30 सितंबर। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अनधिकृत वेयर हाउस और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-01 के प्रभारी के नेतृत्व में की गई।

जीडीए के अनुसार खसरा संख्या 87-88, गुलधर रैपिड रेल के पिलर संख्या 648 के सामने निर्माणकर्ता महेश गुप्ता द्वारा अनधिकृत रूप से बनाए गए वेयर हाउस और गोदाम के निर्माण को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा ग्राम नूरनगर, राजनगर एक्सटेंशन में हिमांशु त्यागी और अजीत त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण के विरुद्ध भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में खसरा संख्या 870, ग्राम नूरनगर, सिहानी, राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणकर्ता अमित त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और निवासियों ने विरोध किया। हालांकि प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-01 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए ने बताया कि आगामी माह में भी अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।